तंबाकू उत्पादों की बिक्री एवं उपयोग के विरुद्ध जिला टीम नेचौका एवं कांड्रा थाना क्षेत्र में चलाया जांच अभियान

सरायकेला,01 अक्टूबर 2026,
गुरुवार (भाग्य सागर)

सरायकेला-खरसावां
उपायुक्त के निर्देशानुसार जिला तंबाकू नियंत्रण कोषांग एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम द्वारा जिले के चौका एवं कांड्रा थाना क्षेत्र में तंबाकू उत्पादों की बिक्री एवं उपयोग से संबंधित प्रावधानों की जांच हेतु अभियान चला कर लगभग 35 दुकानों एवं प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
इस दौरान सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2003 (कोपटा), झारखंड में लागू संबंधित प्रावधानों तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 एवं संबंधित नियम-विनियमों के अनुपालन की जांच की गई।

जिला परामर्शी, एन टीसीपी द्वारा दुकानदारों को कोपटा के प्रावधानों की जानकारी देते हुए 18 वर्ष से कम आयु के व्यक्तियों को तंबाकू उत्पादों की बिक्री नहीं करने तथा शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री न करने का निर्देश दिया गया।
दुकानदारों एवं प्रतिष्ठान संचालकों को बिना निर्धारित स्वास्थ्य चेतावनी वाले तंबाकू उत्पादों की बिक्री नहीं करने की हिदायत दी गई। होटल एवं अन्य सार्वजनिक प्रतिष्ठानों के संचालकों को अपने प्रतिष्ठान में निर्धारित मानक के अनुरूप “धूम्रपान निषेध क्षेत्र” का बोर्ड प्रदर्शित करने तथा सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान निषेध संबंधी प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी,चांडिल अनुमंडल विशाल कुमार सिंह द्वारा जांच के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता एवं सैनिटाइजेशन में कमी पाए जाने तथा कार्यरत कर्मियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं होने के संबंध में संबंधित संचालकों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कमियां दूर करने का निर्देश दिया गया। सभी खाद्य व्यवसाय संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा के साथ-साथ प्रतिष्ठान की स्वच्छता, नियमित सैनिटाइजेशन, खाद्य संचालकों एवं कर्मियों की व्यक्तिगत स्वच्छता तथा मेडिकल फिटनेस सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिला टीम ने आमजनों से तंबाकू सेवन से दूर रहने तथा तंबाकू का सेवन करने वाले लोगों को इसे छोड़ने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की। जिला तंबाकू नियंत्रण कोषांग द्वारा तंबाकू छोड़ने के इच्छुक लोगों को परामर्श एवं जागरूकता सेवाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
अभियान के दौरान चौका थाना एवं कांड्रा थाना पुलिस का भी सहयोग रहा।

