Categories

November 3, 2026

Suryoday Samvaad

Nayi Soch Nayi Disha

उपायुक्त ने समाहरणालय स्थित कार्यालयों का किया औचक निरीक्षण

जमशेदपुर : जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त अनन्य मित्तल ने समाहरणालय परिसर के कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित कार्यालय के अधिकारियों व कर्मचारियों से कार्य के बारे में जानकारी ली। साथ ही स्वीकृत पद के तुलना में कर्मचारियों की उपलब्धता, कार्य का बंटवारा और कार्य निष्पादन में किसी तरह की समस्या आदि के बारे में भी जाना। उन्होंने कहा कि तय समय के अनुसार ही सभी पदाधिकारी एवं कर्मी कार्यालय में प्रवेश करें और बायोमिट्रिक अटेंडेंस बनाएं।

उन्होंने सभी कर्मचारियों को निष्ठापूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने विधि व्यवस्था, सामान्य शाखा, नजारत शाखा व अन्य कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त ने कार्यालय परिसर की साफ सफाई पर बल देते हुए कहा कि जिस कार्यालय में हम कार्य करते हैं, उसकी साफ-सफाई सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कर्मियों को न सिर्फ अपने कार्यस्थल को साफ-स्वच्छ रखने, बल्कि अन्य लोगों को भी गंदगी न फैलाने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया।

कार्यालयों की समुचित साफ-सफाई के अलावा फाइलों को विधिवत संधारण के साथ-साथ उसको नियत स्थान पर रखने का निर्देश दिया। इस दौरान उप विकास आयुक्त मनीष कुमार, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर राजीव रंजन, अपर उपायुक्त रोहित सिन्हा व अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

About Author