रांची में डूरंड कप को लेकर जोश, पहले दिन 12 हजार से ज्यादा ‘जीरो टिकट’ बांटे गए

Durand Cup Ranchi: 135वें डूरंड कप-2026 के भव्य आगाज को लेकर राजधानी रांची के खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। बुधवार से मैच देखने के लिए ‘जीरो टिकट’ (निःशुल्क प्रवेश पत्र) का वितरण शुरू हो गया है। पहले ही दिन कुल 12,256 टिकट जारी किए गए। आयोजन समिति के अनुसार, उद्घाटन मुकाबले के लिए कुल 25,000 टिकट निर्धारित किए गए हैं। बचे हुए टिकटों का वितरण 23 जुलाई को किया जाएगा। इसके बाद भी यदि टिकट शेष रहते हैं, तो 25 और 26 जुलाई को बांटे जाएंगे। ये सभी टिकट ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। दर्शकों की सुविधा के लिए स्टेडियम परिसर में कुल 12 विशेष काउंटर बनाए गए हैं, जिनमें गेट नंबर 11 से 13 के बीच 10 काउंटर और गेट नंबर 23 के पास 2 काउंटर स्थापित किए गए हैं।
फुटबॉल प्रेमियों में दिखा उत्साह
टिकट प्राप्त करने पहुंचे प्रशंसकों में डूरंड कप को लेकर अभूतपूर्व क्रेज देखने को मिला। खेल निदेशक छवि रंजन ने तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन से जुड़े तमाम प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। स्टेडियम में दर्शकों की सुरक्षा, वाहनों की पार्किंग, सुचारू टिकट वितरण, प्राथमिक चिकित्सा और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा चुका है।
