Categories

Recent Posts

November 4, 2026

Suryoday Samvaad

Nayi Soch Nayi Disha

आगामी 28 अगस्त को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिले के वरीय पदाधिकारियों ने की समीक्षा, कार्यक्रम स्थल में तैयारियों को लेकर दिए जरूरी दिशा-निर्देश

सरायकेला खरसावां जिला अंतर्गत गम्हरिया प्रखंड के फुटबॉल मैदान रापचा में 28 अगस्त 2024 को झारखंड के माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन का आगमन प्रस्तावित है। रापचा मैदान में आयोजित प्रमंडल स्तरीय “झारखण्ड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना” के लाभुकों के बीच स्वीकृति पत्र वितरण समारोह में माननीय मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर जिला दण्डाधिकारी -सह- उपायुक्त सरायकेला श्री रवि शंकर शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश कु. लूणायत द्वारा उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम श्री अनन्या मित्तल, उपायुक्त पश्चिमी सिंहभूम श्री कुलदीप चौधरी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक पूर्वी सिंहभूम, पुलिस अधीक्षक पश्चिमी सिंहभूम समेत अन्य वरीय पदाधिकारियों द्वारा कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया गया। मौके पर उन्होने कहा कि कार्यक्रम को लेकर सभी संबंधित पदाधिकारी अपने स्तर से तैयारी पूर्ण कर लें। निरीक्षण के दौरान विधि व्यवस्था सुनिश्चित करने, सम्मानित जनप्रतिनिधियों व लाभुकों के बैठने की व्यवस्था, पेयजलापूर्ति, शौचालय, मेडिकल टीम, एंबुलेंस की उपलब्धता,आवश्यक जगहों पर बैरिकेडिंग,आवश्यक सिनेज के साथ-साथ अन्य व्यवस्थाओं को जल्द दुरुस्त करने की बात कही।

उपायुक्त ने कहा कि कार्यक्रम में तीनों जिले के “झारखण्ड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना” के लाभुकों के बीच माननीय मुख्यमंत्री द्वारा पहली किस्त जारी की जाएगी। मौके पर यातायात व्यवस्था, सभी जिले के वाहन पार्किंग, सड़क से कार्यक्रम स्थल तक आवागमन सभी आवश्यक तैयारियों को दुरुस्त करने का टास्क दिया गया। सुरक्षा एवम विधि व्यवस्था संधारण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं हो इसे लेकर हर स्तर पर पदाधिकारियों को पुनर्समीक्षा का निर्देश दिया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। प्रमंडल के तीनों जिले से आने वाले लोगों की बड़ी संख्या को देखते हुए उनके आगमन और निकासी सुव्यवस्थित तरीके से हो यह सुनिश्चित किया जा रहा है।

उन्होंने कार्यक्रम हेतु प्रयाप्त बल और दण्डाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति, रूट चार्ट तथा अन्य जिले से आने वाले लोगों के आगमन के दौरान यातायात व्यवस्था सुगम बना रहे इसको लेकर जरूरी दिशा निर्देश दिए। मौके पर उप विकास आयुक्त पूर्वी सिंहभूम श्री मनीष कुमार, उप विकास आयुक्त पश्चिमी सिंहभूम, उप विकास आयुक्त सरायकेला श्री प्रभात कु. बरदियार, सिटी एसपी श्री पूर्वी सिंहभूम समेत विभिन्न विभाग के वरीय पदाधिकारी एवं सभी कार्यकारी एजेंसी के कार्यपालक अभियन्ता एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहें।

About Author