Categories

October 27, 2026

Suryoday Samvaad

Nayi Soch Nayi Disha

” है प्रीत जहाँ की रीत सदा….” की मशहूर अभिनेता मनोज कुमार के निधन पर शोक में डूबा बॉलीवुड…..

वॉलीवुड जगत की मशहूर अभिनेता मनोज कुमार के निधन पर अभिनेता आमिर खान, अक्षय कुमार, अजय देवगन, मनोज बाजपेयी और फिल्म निर्माता करण जौहर समेत फिल्मी दुनिया की कई हस्तियों ने शोक व्यक्त किया।

बता दें कि फिल्म अभिनेता मनोज कुमार कुछ समय से बीमार थे और उम्र संबंधी समस्याओं के कारण कोकिलाबेन अंबानी अस्पताल में तड़के करीब साढ़े तीन बजे उनका निधन हो गया।

एक बयान में आमिर खान ने कुमार के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मनोज कुमार की फिल्मों से उन्हें काफी कुछ सीखने को मिला। खान ने कहा, “मनोज कुमार सिर्फ एक अभिनेता या फिल्म निर्माता ही नहीं थे, बल्कि वह एक संस्थान थे। मैंने उनकी फिल्में देखकर बहुत कुछ सीखा है। उनकी फिल्में अक्सर महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर आधारित होती थीं, जो उन्हें आम आदमी के बहुत करीब लाती थीं। उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।”

अभिनेता अक्षय कुमार ने दिग्गज अभिनेता मनोज कुमार के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ ऐप में अपना विचार साझा किया कि “मैं उनसे यह सीखते हुए बड़ा हुआ हूं कि देश के लिए प्यार और गर्व से बढ़कर कोई और भावना नहीं होती और अगर हम अभिनेता इस भावना को दिखाने के लिए आगे नहीं आएंगे, तो कौन आएगा? वह बहुत अच्छे इंसान थे और हमारे फिल्मी जगत की सबसे बड़ी पूंजी थे। ओम शांति।”

फिल्म अभिनेता अजय देवगन ने कहा कि मनोज कुमार ने उनके परिवार के जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, खासकर उनके सिनेमा के सफर में। उन्होंने बताया कि मनोज कुमार ने उनके पिता वीरू देवगन को “रोटी कपड़ा और मकान” फिल्म में ‘एक्शन निर्देशक’ के तौर पर पहला मौका दिया था। वहां से, उनका सहयोग फिल्म ‘क्रांति’ तक जारी रहा। यह फिल्म अब भारतीय सिनेमा के स्वर्णिम इतिहास का हिस्सा है।”

अजय देवगन ने कहा, “मनोज जी की फिल्में ‘उपकार’, ‘पूरब और पश्चिम’, ‘शोर’, ‘क्रांति’ सिर्फ फिल्में नहीं थीं, ये राष्ट्रीय भावनाएं थीं। उनकी रचनात्मक प्रतिभा, अटूट देशभक्ति और कहानी को गहराई से कहने की क्षमता ने एक ऐसा मानक स्थापित किया है, जिसकी बराबरी बहुत कम लोग कर पाए हैं।”

उन्होंने कहा, “भारतीय सिनेमा अपने भारत कुमार को विदाई दे रहा है जो न केवल एक बेहतरीन कहानीकार थे, बल्कि एक सच्चे देशभक्त और सिनेमा जगत की एक किवंदंती भी थे। मैं अपने पिता के करियर को दिशा देने और मेरे जैसे अनगिनत फिल्मकारों को प्रेरित करने के लिए उन्हें धन्यवाद कहना चाहता हूं।”

अभिनेता मनोज बाजपेयी ने कहा कि कुमार हिंदी सिनेमा के स्तंभ थे।

बाजपेयी ने कहा, “उनकी कला ने भारत की भावना को अद्वितीय ढंग से व्यक्त किया। उनके परिवार और असंख्य प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।”

फिल्म निर्माता करण जौहर ने कहा कि देश ने एक ‘सिनेमा दिग्गज’ खो दिया है।

जौहर ने कहा, “आज हमने हिंदी सिनेमा के एक दिग्गज अभिनेता को खो दिया। मुझे बचपन में देखी फिल्म ‘क्रांति’ की याद आ रही है… मैं अन्य बच्चों के साथ फर्श पर उत्साह से बैठा था और स्क्रीनिंग रूम फिल्म निर्माताओं, अभिनेताओं और फिल्म जगत के दिग्गजों से भरा हुआ था… यह फिल्म का शुरुआती, चार घंटे लंबा संस्करण था। मनोज जी ने अपनी फिल्म को बहुत जल्दी दिखाया था ताकि वह सभी से प्रतिक्रिया ले सकें और अपनी महत्वाकांक्षी फिल्म के लिए राय जुटा सकें। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया था।”

सोनू सूद ने लिखा, “आपकी आत्मा को शांति मिले मनोज कुमार सर।”

फिल्म निर्माता मधुर भंडारकर ने कहा कि वह कुमार के निधन से दुखी हैं।

निर्देशक भंडारकर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, “मुझे कई मौकों पर उनसे बातचीत करने का सौभाग्य मिला और वह वास्तव में भारतीय सिनेमा के प्रतीक थे। उनकी फिल्मों में जो कहानी कहने का तरीका और गानों को फिल्माने का अंदाज था, उनकी इस विरासत की गूंज पीढ़ियों तक सुनायी देती रहेगी। उनके परिवार के सदस्यों और प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। ओम शांति।”

फिल्म निर्माता जोया अख्तर, विवेक अग्निहोत्री, हंसल मेहता और कुणाल कोहली ने भी कुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया।

About Author