CHANDIL : ईचागढ़ प्रखंड के पाटपुर-जामडीह में चला 90 दिवसीय विधिक जागरूकता एवं जनसंपर्क अभियान, ग्रामीणों को मिली निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी

बिष्णु पद महापात्र 📲9471102055 (wa)
सरायकेला-खरसावां, 17 मई 2026: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA), नई दिल्ली एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (JHALSA), रांची के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), सरायकेला-खरसावां रमाशंकर सिंह के आदेशानुसार शनिवार को ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र में 90 दिवसीय विधिक जागरूकता एवं जनसंपर्क अभियान चलाया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सरायकेला-खरसावां के सचिव के निर्देश पर पारा विधिक स्वयंसेवक (PLV) कार्तिक गोप द्वारा ईचागढ़ प्रखंड अंतर्गत पाटपुर-जामडीह गांव में ग्रामीणों के बीच विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया तथा आश्वस्त किया गया कि पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिलाने में हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि “हर घर न्याय” अभियान के तहत जिले के प्रत्येक गांव तक पहुंचकर जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा सरकारी योजनाओं से संबंधित कानूनी जानकारी प्रदान करने का कार्य किया जा रहा है।
इसके साथ ही उपस्थित ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक सहायता टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी देते हुए बताया गया कि NALSA एवं JHALSA के माध्यम से आम नागरिकों को कई प्रकार की कानूनी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं, जिनका लाभ समाज के जरूरतमंद और वंचित वर्ग उठा सकते हैं।
अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को उनके मौलिक एवं संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा न्याय तक उनकी आसान पहुंच सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और उन्होंने विधिक सहायता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
