Chandil | Chowka : 25 वर्षों तक चौका मोड़ की पहचान बने ‘लादेन’ ने ली अंतिम सांस, नम आंखों से लोगों ने दी विदाई; अपनापन ने निभाया रिश्ते से बढ़कर साथ….

.
. बिष्णु पद महापात्र 📲 9471102055 (wa)
सरायकेला : लगभग 25 वर्ष पूर्व एक मानसिक रूप से अस्वस्थ एवं अज्ञात व्यक्ति भटकते हुए चौका मोड़ पहुंचा था। उसकी वास्तविक पहचान और घर-परिवार के बारे में किसी को कोई जानकारी नहीं थी। स्थानीय लोगों ने उसे स्नेहपूर्वक “लादेन” नाम दे दिया। समय के साथ वह चौका मोड़ के लोगों के जीवन का अभिन्न हिस्सा बन गया।
शुक्रवार को “लादेन” ने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर फैलते ही स्थानीय युवाओं, दुकानदारों और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ गई। सभी ने मिलकर पूरे सम्मान और मानवीय संवेदनाओं के साथ उनका अंतिम संस्कार किया।
जीविका के लिए वह आसपास की दुकानों पर जाकर भोजन मांग लेते थे। क्षेत्र के दुकानदार भी उन्हें अपने परिवार के सदस्य की तरह मानते थे और अक्सर स्वयं बुलाकर भोजन कराते थे। वर्षों के इस आत्मीय संबंध ने उन्हें पूरे चौका मोड़ का अपना बना दिया था।
उनके व्यक्तित्व की सबसे बड़ी विशेषता यह थी कि उन्होंने कभी किसी से पैसे की मांग नहीं की। न ही उन्होंने कभी किसी को परेशान किया, डराया या किसी से झगड़ा किया। उनका सरल, शांत और विनम्र स्वभाव लोगों के दिलों में विशेष स्थान बना चुका था।
हालांकि उनकी वास्तविक पहचान, घर और परिवार आज भी रहस्य बने हुए हैं, लेकिन चौका मोड़ के लोगों का स्नेह ही उनका सबसे बड़ा परिवार बन गया था। यही कारण रहा कि अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंचे और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि रिश्ते केवल खून के नहीं होते, बल्कि प्रेम, अपनापन और मानवीय संवेदनाएं भी ऐसे अटूट संबंध बना देती हैं, जो जीवन के अंतिम पड़ाव तक साथ निभाते हैं।
